सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत सेवा सेतु कार्यक्रम के तहत आज जिले के सभी नगरीय निकायों में सेवा सेतु शिविर आयोजित किए गए। जिले की नगर पालिका टीकमगढ़ सहित नगर परिषद कारी, पलेरा, बल्देवगढ़, जतारा, लिधौरा, खरगापुर एवं बड़ागांव धसान के नगरीय निकाय मुख्यालयों पर आयोजित शिविरों में नागरिकों को शासन की विभिन्न हितग्राहीमूलक योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र हितग्राहियों के नवीन पंजीयन किए गए।
विभिन्न योजनाओं के पात्र हितग्राहियों को मौके पर हितलाभ वितरित कर लाभान्वित भी किया गया। शिविरों में विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने नागरिकों को शासन की योजनाओं की पात्रता, आवश्यक दस्तावेज एवं आवेदन प्रक्रिया की जानकारी दी। विभागीय अधिकारियों द्वारा नागरिकों की आवश्यकताओं के अनुसार संबंधित योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराते हुए पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से जोड़ने की कार्यवाही की गई।
शिविरों का उद्देश्य शासन की योजनाओं को नागरिकों तक पहुंचाने के साथ पात्र हितग्राहियों को एक ही स्थान पर आवश्यक जानकारी एवं सेवाएं उपलब्ध कराना रहा। विभागीय योजनाओं की प्रदर्शनी एवं स्टॉल रहे आकर्षण का केंद्र सेवा सेतु शिविरों में विभिन्न विभागों द्वारा अपनी-अपनी हितग्राहीमूलक योजनाओं एवं गतिविधियों पर आधारित प्रदर्शनी एवं स्टॉल लगाए गए। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा पोषण एवं विभागीय योजनाओं की जानकारी दी गई।
उद्यानिकी विभाग द्वारा फलदार एवं सजावटी पौधों का प्रदर्शन किया गया। पॉलिटेक्निक कॉलेज द्वारा विज्ञान एवं तकनीकी मॉडल प्रदर्शित किए गए। कृषि विभाग द्वारा लगाई गई कृषि उपकरणों की प्रदर्शनी विशेष आकर्षण का केंद्र रही। प्रदर्शनी में कृषि कार्यों में उपयोग होने वाले विभिन्न उपकरणों एवं आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारी नागरिकों एवं किसानों को दी गई। विभागीय अधिकारियों ने किसानों को कृषि उपकरणों के उपयोग, उपलब्ध योजनाओं एवं संबंधित सुविधाओं की जानकारी प्रदान की।
आजीविका मिशन की दीदियों द्वारा हस्तशिल्प कला से तैयार मिट्टी एवं लकड़ी के विभिन्न उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई गई। स्व-सहायता समूहों द्वारा निर्मित घरेलू उपयोग की वस्तुओं एवं अन्य उत्पादों का भी प्रदर्शन किया गया। इससे नागरिकों को स्थानीय स्तर पर समूहों द्वारा किए जा रहे स्वरोजगार एवं आर्थिक गतिविधियों की जानकारी मिली।
इसके अलावा सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग, मत्स्य विभाग, आदिम जाति एवं कल्याण विभाग, विमुक्त, घुमक्कड़ एवं अन्य पिछड़ा वर्ग विभाग, पशुपालन एवं डेयरी विभाग, सामाजिक न्याय विभाग तथा किसान कल्याण विभाग सहित विभिन्न विभागों द्वारा शासकीय योजनाओं पर आधारित स्टॉल लगाए गए। स्वास्थ्य शिविर में किया गया नागरिकों का स्वास्थ्य परीक्षण सेवा सेतु शिविरों के दौरान स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्वास्थ्य शिविर भी आयोजित किए गए।
स्वास्थ्य शिविर में नागरिकों का मौके पर स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श एवं स्वास्थ्य संबंधी सुझाव दिए गए। नागरिकों को स्वास्थ्य सेवाओं एवं शासन की स्वास्थ्य संबंधी योजनाओं की जानकारी भी उपलब्ध कराई गई। टीकमगढ़ में आयोजित शिविर में पूर्व विधायक श्री राकेश गिरी ने कहा कि सेवा सेतु शिविर शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम नागरिकों तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम हैं।
शिविरों के माध्यम से नागरिकों को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की योजनाओं की जानकारी मिल रही है और पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ भी उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का वास्तविक उद्देश्य तभी पूरा होता है, जब पात्र व्यक्ति तक उसका लाभ समय पर पहुंचे।
श्रीमती सरोज राजपूत ने कहा कि सेवा सेतु शिविरों के माध्यम से शासन की योजनाओं की जानकारी नागरिकों तक पहुंचाने के साथ उन्हें योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवश्यक प्रक्रिया से भी अवगत कराया जा रहा है। ऐसे शिविरों से नागरिकों को अलग-अलग कार्यालयों में जाने की आवश्यकता कम होती है और उन्हें एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाएं एवं योजनाओं की जानकारी प्राप्त होती है।
उन्होंने नागरिकों से पात्रतानुसार शासन की योजनाओं का लाभ लेने का आह्वान किया। कलेक्टर श्री विवेक श्रोत्रिय ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत सेवा सेतु शिविरों का आयोजन शासन की योजनाओं को अंतिम पंक्ति के पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से किया जा रहा है। शिविरों में विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी नागरिकों को योजनाओं की पात्रता, आवश्यक दस्तावेज एवं आवेदन प्रक्रिया की जानकारी उपलब्ध करा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि पात्र हितग्राहियों का मौके पर पंजीयन करने के साथ उन्हें योजनाओं से जोड़ने और पात्रतानुसार हितलाभ उपलब्ध कराने की कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।
टीकमगढ़ के उत्सव भवन में जनप्रतिनिधियों एवं कलेक्टर ने किया स्टॉलों का निरीक्षण नगर पालिका टीकमगढ़ क्षेत्र के उत्सव भवन में आयोजित सेवा सेतु शिविर में पूर्व विधायक श्री राकेश गिरी, श्रीमती सरोज राजपूत एवं कलेक्टर श्री विवेक श्रोत्रिय ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए प्रदर्शनी एवं स्टॉलों का निरीक्षण किया। उन्होंने विभागवार स्टॉल पर पहुंचकर योजनाओं, पात्रता एवं हितग्राहियों को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं की जानकारी ली।
इस दौरान पात्र हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं के तहत हितलाभ भी वितरित किए गए। इस अवसर पर श्री विकास यादव, श्री अभिषेक खरे रानू, श्रीमती पूनम अग्रवाल, श्रीमती सुशीला राजपूत, श्रीमती संध्या सोनी, नगर पालिका सीएमओ श्री ओमपाल सिंह भदौरिया सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
जिले के सभी नगरीय निकायों में एक साथ पहुंची योजनाओं की जानकारी सेवा सेतु कार्यक्रम के तहत जिले के सभी 8 नगरीय निकाय मुख्यालयों पर आयोजित शिविरों में शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी एवं हितग्राहीमूलक योजनाओं को नागरिकों तक पहुंचाने का कार्य किया गया। नगर पालिका टीकमगढ़, नगर परिषद कारी, पलेरा, बल्देवगढ़, जतारा, लिधौरा, खरगापुर एवं बड़ागांव धसान में आयोजित शिविरों में बड़ी संख्या में नागरिकों ने सहभागिता की।
शिविरों के माध्यम से पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से जोड़ने, नवीन पंजीयन करने, आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने, स्वास्थ्य परीक्षण करने तथा मौके पर हितलाभ वितरित करने की कार्यवाही की गई।

