मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार सेवा संकल्प अभियान 2026 के अंतर्गत संचालित सेवा मेरा योगदान अभियान के तहत आज मातृ-पितृ छाया वृद्धाश्रम, मामौन में वृद्धाश्रम में सेवा कार्यक्रम का आयोजन कलेक्टर श्री विवेक श्रोत्रिय की अध्यक्षता में किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि श्रीमती सरोज राजपूत, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष टीकमगढ़ श्रीमती लक्ष्मी गिरि गोस्वामी, श्री विकास यादव, प्रभारी उपसंचालक सामाजिक न्याय श्री रामबाबू गुप्ता सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, मातृशक्ति संगठन की अध्यक्ष श्रीमती श्रद्धा चौहान एवं संगठन के सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान वृद्धाश्रम में निवासरत वरिष्ठजनों के साथ आत्मीयता एवं सम्मान के साथ समय बिताया गया। वरिष्ठजनों ने अपने जीवन के अनुभव साझा किए।

इस अवसर पर उनके मनोरंजन के लिए गायन, सांस्कृतिक एवं अन्य मनोरंजक गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिससे वृद्धाश्रम का वातावरण आनंदमय एवं उत्साहपूर्ण बना रहा। कार्यक्रम के अंतर्गत जिला चिकित्सालय टीकमगढ़ एवं जिला आयुष विभाग की संयुक्त टीम द्वारा वृद्धाश्रम में निवासरत वरिष्ठजनों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। चिकित्सकीय दल ने वरिष्ठजनों के स्वास्थ्य की जांच कर आवश्यक स्वास्थ्य संबंधी परामर्श प्रदान किया।

कलेक्टर श्री विवेक श्रोत्रिय सहित उपस्थित अतिथियों ने वरिष्ठजनों से आत्मीय संवाद कर उनका कुशलक्षेम जाना तथा दैनिक उपयोग की आवश्यक सामग्री किट एवं फल वितरित किए। अतिथियों ने वरिष्ठजनों को सम्मान, स्नेह एवं सहयोग प्रदान करते हुए उनके सुखद एवं स्वस्थ जीवन की कामना की। इस अवसर पर वृद्धाश्रम में सेवा एवं सहयोग प्रदान करने वाले समाजसेवियों तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों को उनके सराहनीय योगदान के लिए प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में सामाजिक सुरक्षा अधिकारी श्री चन्द्र प्रकाश झा, समग्र संयोजक श्री मनीष सेन एवं संस्था अधीक्षक श्री हर्षित तिवारी सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।