मेघनगर विकासखंड के फतेहपुरा में शुक्रवार को आयोजित जन-विश्वास शिविर में प्रशासन ने करीब 35 हजार लोगों की जरूरतों के आधार पर सात माह की कार्ययोजना तैयार करने की जानकारी दी। योजना में स्कूल, आंगनवाड़ी, स्वच्छ पेयजल और सड़कों से जुड़ी समस्याओं को प्राथमिकता देने का प्रस्ताव है।
कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट के अनुसार फूटतालाब, अगराल, झाराडाबर, छोटा घोंसलिया, गुजरपाड़ा, बैडावली, फतेहपुरा, आमलीपठार, राखड़िया और कालियावीरान में लोगों की समस्याएं चिह्नित की गई हैं। करीब 70 जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ ब्लॉक के अधिकारियों को भी इन पंचायतों की स्थिति देखने भेजा गया।
स्कूल से खेत तक जरूरतों का आकलन
अधिकारियों को स्कूलों, आंगनवाड़ियों, पेयजल व्यवस्था, सड़कों, नालियों और खेतों का जायजा लेने के निर्देश दिए गए हैं। आमलीपठार के स्कूल में अतिरिक्त कक्ष की जरूरत सामने आई है, जबकि पेयजल व्यवस्था सुधारने की संभावनाएं भी देखी गई हैं।
कलेक्टर ने कृषि विभाग को मिट्टी परीक्षण कराने और स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप फसल चुनने में किसानों को सुझाव देने के निर्देश दिए। कृषि और उद्यानिकी अमले से जमीनी स्तर पर सक्रिय रहने तथा स्व-सहायता समूहों की महिलाओं के लिए स्वरोजगार प्रकरण तैयार करने को भी कहा गया।
महिला समूहों और छोटे उद्यमों को ऋण स्वीकृति
मध्यप्रदेश डे-राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत गीता महिला बचत समूह को सिलाई, किराना, पशुपालन और कृषि कार्य के लिए आठ लाख रुपये तथा गंगा महिला बचत समूह को पशुपालन और कृषि कार्य के लिए छह लाख रुपये का ऋण स्वीकृत किया गया। दोनों समूहों को मध्यप्रदेश ग्रामीण बैंक की ओर से कुल 14 लाख रुपये का डेमो चेक दिया गया।
वेस्ता मलसिंह भूरिया को आटा चक्की के लिए 1.25 लाख रुपये और वनिता डामोर को किराना दुकान के लिए दो लाख रुपये का ऋण स्वीकृत हुआ। पीएम स्वनिधि योजना में शकरी गढ़वाल को 50 हजार और संदीप वसुनिया को 15 हजार रुपये का ऋण दिया गया, जबकि रविन्द्र परमार और गोपाल बघेला को बकरी पालन के लिए 77-77 हजार रुपये की स्वीकृति मिली।
17 सितंबर से गांवों की योजनाओं पर साझा काम
जनसंवाद में जनप्रतिनिधियों ने सड़क, बिजली और पेयजल की स्थानीय जरूरतें रखीं, जिनमें गुजरपाड़ा का हैंडपंप और अगराल की सड़क व पेयजल व्यवस्था शामिल रही। प्रशासन ने 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक गांवों की विकास योजनाओं और जनसमस्याओं के समाधान पर जनता के साथ काम करने की बात कही है।



