मानपुर जनपद के दूरस्थ अमरपुर क्षेत्र में प्रशासन ने गांवों तक योजनाओं और सरकारी सेवाओं की स्थिति जांची। कलेक्टर राखी सहाय ने ग्रामीणों से सीधे जानकारी लेने के साथ स्कूल, आंगनबाड़ी, स्वास्थ्य केंद्र, छात्रावास और निर्माणाधीन कार्यों का निरीक्षण किया।
आंगनबाड़ी की व्यवस्था पर मांगा जाएगा जवाब
असोढ़ ग्राम पंचायत के आंगनबाड़ी केंद्र में कलेक्टर ने बच्चों का अपने सामने वजन कराया। कम उपस्थिति और अव्यवस्था मिलने पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता शांति बाई कहार, सीडीपीओ राज नारायण सिंह और सुपरवाइजर अभिलाषा सोधियां को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।
असोढ़ के प्राथमिक विद्यालय की बाउंड्री बनवाने को भी कहा गया। हाई स्कूल में अलग-अलग कमरों में कक्षाएं चलाने, पानी का कनेक्शन लेने और लंबे समय से बंद जिम उपकरण विद्यार्थियों के उपयोग के लिए उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
बराटोला में 15 दिन में जलापूर्ति सुधारने का लक्ष्य
बराटोला के ग्रामीणों ने घरों तक पानी नहीं पहुंचने की समस्या बताई। इस पर जल निगम के अधिकारियों को बंद पाइपलाइन सुधारकर अगले 15 दिन में हर घर में पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
महरोई में गौशाला के आगे और पीछे खाली भूमि पर चारागाह विकसित करने तथा गौशाला का व्यवस्थित संचालन करने को कहा गया। वहीं 15वें वित्त आयोग से बन रहे पार्क का निरीक्षण करते हुए प्रशासन ने महरोई बांध और खेल मैदान के पास इस स्थान को पिकनिक कॉम्प्लेक्स के रूप में विकसित होने की संभावना बताई; कलेक्टर और जिला पंचायत सीईओ ने यहां पौधरोपण भी किया।
स्वास्थ्य, छात्रावास और गांवों के निर्माण कार्य भी देखे
कोटरी आरोग्य केंद्र में ओपीडी पंजीयन की जानकारी ली गई और गर्भवती महिलाओं का अनमोल पोर्टल पर पंजीयन कर सुविधाएं व उपचार उपलब्ध कराने को कहा गया। खलौंध हाई स्कूल, आदिवासी बालक सीनियर छात्रावास, टिकुरी के वेयरहाउस व नाली निर्माण और बचहा के विद्यालय का भी निरीक्षण हुआ।
कुड़ी में ग्रामीणों की सड़क और नाली की मांग पर विभागीय अधिकारियों को कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश मिले। भ्रमण में जिला पंचायत सीईओ अभय सिंह, अपर कलेक्टर प्रमोद कुमार सेन गुप्ता, मानपुर एसडीएम हरनीत कौर कलसी, जनपद सीईओ अमित सिरौठिया और विभागीय अधिकारी शामिल रहे।


