सेवा संकल्प अभियान के तहत शुक्रवार को रायसेन में प्राचीन मिश्र तालाब पर स्वच्छता और पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें सांची विधायक डॉ प्रभुराम चौधरी, जिला पंचायत सीईओ श्री कमल सोलंकी, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने श्रमदान कर तालाब की सफाई की। साथ ही तालाब किनारे पौधरोपण भी किया।

इस अवसर पर विधायक डॉ चौधरी ने नागरिकों को संबोधित करते हुए कहा कि स्वच्छता बनाए रखने में प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। जल स्रोतों को स्वच्छ एवं संरक्षित रखना हम सभी का सामूहिक दायित्व है। तालाब और अन्य जल संरचनाएं हमारे पर्यावरण तथा जल संरक्षण के महत्वपूर्ण आधार हैं। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखें, जल स्रोतों में कचरा न डालें।

उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य जनसहभागिता के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाना और जनकल्याणकारी गतिविधियों को जन आंदोलन का स्वरूप देना है। इस अवसर पर सांची विधायक डॉ चौधरी ने स्वच्छता मित्रों को सम्मानित भी किया। साथ ही सभी ने अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने और जल स्रोतों के संरक्षण में सहयोग करने का संकल्प लिया।