संभागीय मुख्यालय शहडोल स्थित मोहनराम तालाब परिसर में सेवा एवं स्वच्छता अभियान के अंतर्गत स्वच्छता अभियान, श्रमदान एवं पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सांसद श्रीमती हिमाद्री सिंह, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री शिवम प्रजापति सहित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों एवं स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई।
जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने मोहनराम तालाब परिसर की साफ-सफाई कर श्रमदान किया। इस दौरान नागरिकों से सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने, कचरे का उचित निपटान करने तथा स्वच्छता को दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाने की अपील की गई।
सांसद श्रीमती हिमाद्री सिंह ने स्वच्छता अभियान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले सफाई कर्मियों को फल की टोकरी भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने सफाई कर्मियों के योगदान की सराहना करते हुए नागरिकों से उनका सम्मान करने एवं स्वच्छता व्यवस्था में सहयोग प्रदान करने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा कि स्वच्छता किसी एक दिन या विशेष अभियान तक सीमित न रहकर निरंतर जनभागीदारी के माध्यम से आगे बढ़नी चाहिए। प्रत्येक नागरिक अपने घर, कार्यस्थल एवं आसपास के सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने का संकल्प ले।
‘एक पेड़ मां के नाम’ के तहत पौधारोपण
कार्यक्रम के दौरान ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के अंतर्गत पौधारोपण किया गया। सांसद श्रीमती हिमाद्री सिंह सहित उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपित कर पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन का संदेश दिया। साथ ही रोपित पौधों की नियमित देखभाल एवं संरक्षण का संकल्प लिया गया।
प्लास्टिक मुक्त भारत एवं स्वच्छता की दिलाई शपथ
इस अवसर पर सांसद श्रीमती हिमाद्री सिंह ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं नागरिकों को प्लास्टिक मुक्त भारत बनाने, स्वच्छता को जनआंदोलन का रूप देने तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति सजग रहने की शपथ दिलाई। उपस्थित लोगों ने स्वच्छता, प्लास्टिक के कम उपयोग, कचरे के उचित प्रबंधन एवं पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय सहयोग का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में अपर कलेक्टर श्री सरोधन सिंह, जिला योजना समिति सदस्य श्रीमती अमिता चपरा, नगर पालिका अध्यक्ष श्री घनश्याम जायसवाल, मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्रीमती आशा जितेंद्र भंडारी, आनंद सिन्हा, नर्मदा विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री कैलाश भारती, पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष श्री प्रकाश जगवानी, श्रीमती उर्मिला कटारे, श्री संतोष लोहानी, जिला महामंत्री श्री अमित मिश्रा, पार्षदगण, श्री शक्ति लक्ष्यकार, श्री पिंकू शुक्ला, श्री संजीव सिंह, श्री बिना केवट, श्री नागेंद्र सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक श्री विवेक पांडे सहित अधिकारी-कर्मचारी, विद्यार्थी, जन अभियान परिषद के सदस्य एवं स्थानीय नागरिक भी मौजूद रहे।
दीप प्रज्वलन एवं रंगोली से दिया सेवा-संकल्प का संदेश
इसी क्रम में शुक्रवार शाम 7 बजे मोहनराम तालाब परिसर में सेवा-संकल्प कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान तालाब परिसर में आकर्षक रंगोली सजाई गई तथा तालाब के चारों ओर दीप प्रज्वलित किए गए। दीपों की रोशनी एवं रंगोली के माध्यम से स्वच्छता, सेवा, पर्यावरण संरक्षण एवं सामाजिक सहभागिता का संदेश दिया गया।
मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्रीमती आशा जितेंद्र भंडारी के मार्गदर्शन में नगर पालिका के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, वार्डवासी एवं स्व-सहायता समूह की महिलाओं ने कार्यक्रम में सहभागिता निभाई। उपस्थित नागरिकों ने दीप प्रज्वलित कर मोहनराम तालाब परिसर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने तथा शहर में स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण की भावना को निरंतर मजबूत करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के माध्यम से नागरिकों को संदेश दिया गया कि स्वच्छता, सेवा एवं पर्यावरण संरक्षण सामूहिक जिम्मेदारी हैं। जनप्रतिनिधियों, प्रशासन, नगर पालिका, सामाजिक संगठनों एवं नागरिकों के समन्वित प्रयासों से शहडोल को स्वच्छ, सुंदर, हरित एवं पर्यावरण-अनुकूल शहर के रूप में विकसित किया जा सकता है।


