खंडवा जिले के मूंदी में बिजली पारेषण व्यवस्था की क्षमता दोगुने से अधिक हो गई है। एमपी ट्रांसको ने 132 केवी सबस्टेशन में 50 एमवीए का अतिरिक्त पावर ट्रांसफार्मर स्थापित कर उसे ऊर्जीकृत कर दिया है।

नया ट्रांसफार्मर चालू होने के बाद मूंदी सबस्टेशन की कुल क्षमता 40 एमवीए से बढ़कर 90 एमवीए हो गई है। कंपनी के अनुसार इससे निमाड़ के पारेषण नेटवर्क को भी अतिरिक्त मजबूती मिली है।

बढ़ते विद्युत भार के प्रबंधन में मिलेगी मदद

ऊर्जा मंत्री प्रद्युमन सिंह तोमर के मुताबिक क्षमता बढ़ने से क्षेत्र के मौजूदा और भविष्य के विद्युत भार का बेहतर प्रबंधन संभव होगा। इससे बिजली आपूर्ति की विश्वसनीयता और संचालन के लचीलेपन में वृद्धि होने की उम्मीद है।

प्रदेश में 417 अतिरिक्त उच्च-दाब सबस्टेशन

एमपी ट्रांसको के अतिरिक्त मुख्य अभियंता सुरेंद्र सोलंकी ने बताया कि कंपनी प्रदेश में 417 अतिरिक्त उच्च-दाब सबस्टेशनों से पारेषण व्यवस्था संचालित कर रही है। इनमें 400 केवी के 14, 220 केवी के 88 और 132 केवी के 315 सबस्टेशन शामिल हैं।

कंपनी के कुल 1,056 पावर ट्रांसफार्मर अभी क्रियाशील हैं। इनमें 400 केवी स्तर के 41, 220 केवी स्तर के 220 और 132 केवी स्तर के 795 ट्रांसफार्मर हैं।

कुल ट्रांसफार्मेशन क्षमता 85,488 एमवीए

मूंदी में 50 एमवीए की नई क्षमता जुड़ने से एमपी ट्रांसको की प्रदेशभर में कुल ट्रांसफार्मेशन क्षमता बढ़कर 85,488 एमवीए हो गई है। कंपनी का कहना है कि यह बढ़ोतरी प्रदेश की बढ़ती विद्युत मांग पूरी करने में सहायक होगी।