‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ कार्यक्रम के अंतर्गत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नयाखेड़ा बासादेही में नागालैंड एवं मेघालय राज्यों के लोक नृत्यों की मनमोहक प्रस्तुति छात्र-छात्राओं द्वारा दी गई। कार्यक्रम में कक्षा 12वीं की छात्राओं ने मेघालय राज्य के लोक नृत्य तथा कक्षा 8वीं के छात्र-छात्राओं ने नागालैंड राज्य के लोक नृत्य प्रस्तुत कर वहां की समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा से विद्यालय परिवार को परिचित कराया।
लोक नृत्यों की प्रस्तुति के दौरान विद्यार्थियों ने आकर्षक वेशभूषा, पारंपरिक भाव-भंगिमाओं एवं नृत्य के माध्यम से नागालैंड और मेघालय की सांस्कृतिक विविधता को जीवंत कर दिया। प्रस्तुतियों ने उपस्थित शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं विद्यार्थियों का मन मोह लिया और ‘विविधता में एकता’ की भावना को साकार किया।
इस अवसर पर विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन एवं उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय के प्राचार्य श्री सतीश कौरव ने लोक नृत्य प्रस्तुत करने वाले सभी विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र, नोटबुक एवं पेन प्रदान कर सम्मानित किया तथा उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने देश की विविध संस्कृतियों को जानने, समझने और उनका सम्मान करने की भावना को और अधिक सुदृढ़ किया।
उल्लेखनीय है कि समग्र शिक्षा अभियान के अंतर्गत मध्यप्रदेश का सांस्कृतिक सहयोजन नागालैंड एवं मेघालय राज्यों के साथ किया गया है। इसके माध्यम से विद्यार्थियों को इन राज्यों की भाषा, लिपि, कला, लोक संस्कृति, पर्व-त्योहार, परंपराओं, भौगोलिक विशेषताओं एवं सामाजिक व्यवस्था की जानकारी प्रदान करना उद्देश्य है। इसी श्रृंखला में विद्यालय में यह सांस्कृतिक आयोजन किया गया।

